Saturday, June 29, 2013

बारिश बनी काल, कई नदियां उफान पर

लखनऊ| उत्तर प्रदेश के अवध क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से घाघरा, सरयू और शारदा उफान पर हैं, जिससे आसपास के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। नदियों का रौद्र रूप देखकर अब लोग सुरक्षित आशियाने की तलाश में पलायन कर रहे हैं। उप्र के फैजाबाद जिले में सरयू नदी खतरे के निशान को पार कर गई है, जिससे बाढ़ का पानी शहर के दर्जनों कॉलोनियों में प्रवेश कर गया है। जगह-जगह मकान एवं दीवार गिरने से पिछले 24 घंटों के दौरान पांच लोग अपनी जान गवां चुके हैं।

गोंडा में पिछले 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गय है। जिले में 175 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो अब तक रिकॉर्ड है। बहराइच में घाघरा उफान पर है। एल्गिन ब्रिज पर नदी खतरे के निशान से आठ सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। आस-पास के तीन गावों के करीब दो दर्जन मकान पानी में समाहित हो चुके हैं। 

गोंडा और बहराइच के अलावा अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, फैजाबाद, अयोध्या, बलरामपुर और श्रवास्ती जिलों में कमोबेश यही हाल है। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। बाढ़ की विभीषिका को देखते हुए प्रशासन की ओर से बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं और कई जगहों पर सेना ने राहत एवं बचाव कार्य की कमान खुद अपने हाथों में ले ली है। पूर्वाचल में बलिया, गाजीपुर, बनारस व गोरखपुर में विभिन्न नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिस वजह से प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है।